संयुक्त सचिव श्री बोरा ने किया स्टापडेम एवं गांधीग्राम कुलगांव का निरीक्षण

सूरज मंडावी ब्यूरो चीफ सत्य खबर

कांकेर:- भूमि संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं आकांक्षी जिला कांकेर के सेंट्रल प्रभारी ऑफिसर श्री सोनमणि बोरा ने कांकेर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कुलगांव के आश्रित ग्राम गोवर्धन के समीप बहने वाली शिवलिंग नाला में बनाई गई प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजनांतर्गत जल ग्रहण विकास घटक के तहत् निर्मित स्टॉप डेम और गांधी ग्राम कुलगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम गोवर्धन के आठ कृषकों को स्टॉप डेम स्थल पर मक्का एवं मूंग बीज का मिनीकिट वितरण कर फसल की उत्पादन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। संयुक्त सचिव श्री बोरा ने कृषकों से चर्चा करते हुए बच्चों की शिक्षा-दीक्षा अच्छी तरह से करने की समझाईश दी।

गांव के कृषकों से वृक्षों को न काटने तथा उन्हें संरक्षण एवं सहजकर रखने की बात कही। निरीक्षण के पश्चात गांव के ही किसान मनकूराम कांगे के बाड़ी में लगाई गई आम के बगीचे का अवलोकन करते हुए बाड़ी के पास बोई गई कुल्थी फसल का भी जायजा लिया। अवलोकन के पश्चात गांधीग्राम कुलगांव जाने वाले मार्ग में स्थित ग्राम कोमलपुर के किसान ललेश दर्रो के बकरी पालन स्थल का भी अवलोकन किया एवं उनसे चर्चा करते हुए बकरी पालन संबंधी जानकारी भी ली।

संयुक्त सचिव श्री बोरा ने किया गांधी ग्राम कुलगांव का अवलोकन

संयुक्त सचिव श्री सोनमणि बोरा ने गांधी ग्राम कुलगांव में जिला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न विभागों के योजनाओं से संबंधी गतिविधियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कृषि, पशुपालन, वन विभाग, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का जायजा लिया। श्री बोरा ने पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित बकरी शेड, उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित वर्मी कम्पोस्ट शेड का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री चन्दन कुमार, डीएफओ अरविन्द पीएम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित अग्रवाल सहित कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक बीरबल साहू, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ. एस. मित्रा, कृषि विभाग के उप संचालक एन.के. नागेश, सहायक संचालक उद्यानिकी व्ही.के. गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

इसे भी पढ़े :  राष्ट्र निर्माण में प्रत्यक्ष करो का योगदान कार्यक्रम सम्पन्न