प्रशासन का आमजनों के बीच बढ़ा भरोसा….

नरेंद्र मिश्रा ब्यूरो
बलरामपुर (सत्यख़बर)

कलेक्टर जनदर्शन को लोगों को मिल रहा है अच्छा प्रतिसाद….

कलेक्टर से सीधे संवाद से लोगों की समस्याओं का हो रहा है त्वरित निराकरण….

संयुक्त जिला कार्यालय भवन में प्रति सोमवार की भांति आमजनों के लिए जनदर्शन आयोजित किया गया। कलेक्टर कुंदन कुमार तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रीता यादव ने जनदर्शन में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुन उसका यथासंभव त्वरित निराकरण किया। शासन के निर्देश पर प्रत्येक सोमवार को प्रातः 11.00 बजे से कलेक्टर कार्यालय में जनदर्शन का आयोजन किया जाता है, जिसमें कलेक्टर आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनते हैं। कलेक्टर जनदर्शन में आमजनों की विभिन्न समस्याओं से जुड़े 31 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण हेतु कार्यवाही की गई। जिले में जनदर्शन के आयोजन से न केवल प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है, बल्कि जिले के शीर्ष अधिकारी से संपर्क होने से उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण भी हो रहा है। कलेक्टर जनदर्शन में अधिकांश आवेदन राजस्व विभाग से जुड़े मामलों से संबंधित है, जिसके निराकरण के लिए अपर व संयुक्त कलेक्टर के साथ-साथ मुख्यालय के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को भी जनदर्शन में शामिल किया गया। जनदर्शन में वनाधिकार पत्र, श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा दिव्यांगों द्वारा ट्रायसायकल हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। प्राप्त आवेदनों पर कलेक्टर ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए निराकरण के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे ननकू, बद्री और रेखा को तत्काल मिला ट्रायसायकल–

समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। शारीरिक रूप से अक्षम दिव्यांग व्यक्तियों को उनके आवागमन की सुविधा के लिए विभाग द्वारा ट्रायसायकल प्रदान किया जाता है। आज आयोजित जनदर्शन में दिव्यांग ननकू, बद्री और रेखा ने ट्रायसायकल के लिए प्रस्तुत किया था। जिस पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को तत्काल ट्रायसायकल प्रदान करने के निर्देश दिये।

इसे भी पढ़े :  मोदे के एनएसएस कैंप ग्राम कोलियारी में लगभग 100 छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीण जनों को यात्रा यातायात संबंधी जानकारी दी गई

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रीता यादव ने दिव्यांग ननकू, बद्री और रेखा को तत्काल ट्रायसायकल प्रदाय किया। ट्रायसायकल मिलने पर तीनों दिव्यांगों ने बताया कि अब उनके आने-जाने की समस्या दूर होगी तथा अन्य व्यक्तियों पर निर्भरता कम होने से वे अपना काम आसानी से कर पाएंगे।