कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में किसान मेला एवं प्राकृतिक खेती प्रदर्शनी का आयोजन

सुरज मंडावी पैरी लहर सत्य खबर ब्यरो

उतर बस्तर कांकेर :- किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी अभियान आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर एवं कृषि विभाग आत्मा द्वारा किसान मेला एवं प्राकृतिक खेती प्रदर्शनी का आयोजन बाफना लॉन में मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा सांसद मोहन मण्डावी की उपस्थित में किया गया।

सांसद मण्डावी ने अपने उद्बोधन में कृषक जीवन के अनुभवों को उपस्थित कृषकों के मध्य साझा किया तथा बताया कि हमारे पूर्वज किस प्रकार त्योहारों तथा विभिन्न पूजा-पाठ को कृषि कार्य से संबद्ध रखते थे, प्राकृतिक जीव जन्तु जैसे केचुआ, केकड़ा, बगुला आदि किसानों के मित्र है तथा रासायनिक दवाईयों के दुष्प्रभाव से इनकी संख्या कम हो गई है, इस कारण हमें जैविक खेती की ओर अग्रसर होना चाहिए। उन्होने जिले में महिला स्व सहायता समूह के माध्यम से जैविक खेती को आगे बढाने की बात कही।

जिला पंचायत कांकेर के अध्यक्ष हेमन्त ध्रुव द्वारा किसानों को स्वंय जागरूक रहकर समस्त शासकीय योजनाओं की जानकारी लेने के लिए अपील किया गया साथ ही यह भी बताया कि कृषकों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर अग्रसर होना होगा, वर्तमान में भी जैविक उत्पादों का मूल्य रसायनिक उत्पादों की तुलना में बहुत अधिक है तथा जैविक खेती पर्यावरण एवं मानवता की दृष्टिकोण से अतिउत्तम है।

कृषि स्थायी समिति के सभापति नरोत्तम पडोटी द्वारा किसानों को अपने दस्तावेज को सही ढंग से केवायसी कराने की सलाह दी गई जिससे कि होने वाली तकनीकी समस्याओं से किसानों को निजात मिल सके तथा प्रधानमंत्री सम्मान निधि तथा अन्य योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। विधायक प्रतिनिधि रमाशंकर दर्रो ने अपने उद्बोधन में कीटनाशकों के दुष्प्रभाव तथा सामान्य जनजीवन पर उसके विपरित परिणाम के बारे में चर्चा किया। तत्पश्चात् प्रगतिशील कृषक एवं जनपद पंचायत के पूर्व सदस्य तरेन्द्र भण्डारी ने प्राकृतिक खेती का महत्व एवं अपने खेत में किये हुए अनुभव कृषकों से साझा किये।

इसे भी पढ़े :  मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना का मिल रहा बेहतर प्रतिसाद…

मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित ग्राम बागोडार के कृषक द्वारिका प्रसाद साहू अपने अनुभव उपस्थित कृषकों से साझा करते हुए बताया कि धान के बदले अन्य फसल लेने से उन्हे किस प्रकार लाभ प्राप्त हुआ तथा उन्हे राज्य स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीरबल साहू द्वारा कार्यक्रम का उद्देश्य बताया गया तथा वैज्ञानिक डॉ कोमल सिंह केराम एवं इफको क्षेत्रीय अधिकारी दानिश अहमद सिद्धिकी द्वारा कृषकों से परिचर्चा की गई तथा उनके प्रश्नों के उत्तर दिये गये।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र, उद्यानिकी विभाग, पशुधन विकास विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। कृषकों को कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर प्रक्षेत्र में स्थित विभिन्न प्रदर्शन इकाइयों का भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सहायक संचालक कृषि कोमरा द्वारा अतिथियों एवं कृषकों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में अष्ठिता कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र कांकेर डॉ देवशंकर राम, केन्द्र के वैज्ञानिकगण, कृषि उद्यानिकी एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित सातो विकासखण्ड के 581 कृषक उपस्थित थे ।